जम्मू/हीरानगर। कठुआ जिला के हीरानगर विधानसभा क्षेत्र के सांझी मोड़ गांव में बहुजन समाज पार्टी की बैठक हुई। इसमें अध्यक्ष दर्शन राणा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बसपा सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार रहें।
दर्शन राणा ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी लगातार पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क अभियान चला रही है। उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा की जा रही है। जिला अध्यक्ष रमन कुमार ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी जिला में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से जल्द नई इकाइयों का गठन किया जाएगा और नए चेहरों को जिम्मेदारियां दी जाएंगी। बैठक के दौरान पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे और पार्टी को मजबूत करने के लिए सुझाव दिए। बैठक में पार्टी महासचिव सुनील मजोत्रा, जिला अध्यक्ष रमन कुमार, पार्टी के वरिष्ठ नेता सतपाल बबोरिया और हरि चंद मौजूद रहे।