अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास सोमवार को मारे गए पाकिस्तानी घुसपैठिए के शव को सौंपने के लिए मंगलवार को भारतीय सेना ने पाक रेंजर्स के साथ फ्लैग मीटिंग की। फ्लैम मीटिंग में बीएसएफ के 11 और पाक रेंजर्स के 15 सैनिकों ने भाग लिया। फ्लैग मीटिंग के दौरान बीएसएफ के जवानों ने पाक रेंजर्स के मारे गए घुसपैठिए की पहचान करने और समर्थन में दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा।
मारे गए घुसपेठिए के दस्तावेज मिलने के बाद शव को पूरे सम्मान के साथ पाक रेंजर्स को सौंप दिया गया है। मारे गए पाक घुसपैठिए की पहचान अब्दुल हमीद निवासी चमन खुर्द, शकरगढ़ के रूप में हुई है।
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के निकट रिगाल इलाके में पाकिस्तानी सुरंग मिलने के एक दिन बाद ही सोमवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ)ने सीमावर्ती गांव चक फकीरा में एक घुसपैठिए को मार गिराया था। रक्षा सूत्रों से के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे सांबा जिले के चक फकीरा की भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक घुसपैठिया जीरो लाइन को पार कर तारबंदी के पास छिप कर आ रहा था।
वहां तैनात बीएसएफ के जवानों ने उसे ललकारा। जब भागने लगा तो जवानों ने गोलीबारी शुरू कर दी और उसे मार गिराया। 19 नवंबर को इसी क्षेत्र में पाकिस्तानी ड्रोन भी सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर हा था। बीएसएफ जवानों ने गोलीबारी कर उसे खदेड़ दिया था। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी रेंजरों की भी सीमा पर काफी हलचल देखी जा रही है।