पगंवाल और माला गांव को जोड़ती है सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले के समलाह पंचायत के पगंवाल गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नाले पर बनाई पुलिया मंगलवार रात को बारिश के कारण टूट गई। यह सड़क पगंवाल और माला गांव को जोड़ती है इन दोनों गांव की आबादी 600 के करीब है।
पुलिया के टूटने से लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, स्थानीय निवासी मदन लाल, करण कुमार, दर्शन कुमार, अजित लाल, सुरेष्टा देवी ने कहा कि इस पुलिया के टूटने से लोगों को आने जाने की काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अपने घरों तक जाने लिए नाले से गुजरना पड़ रहा है। कई बार लोगों को जहरीले सांपों का भी सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले पुलिया थोड़ी टूटी हुई थी। इसकी मरम्मत को लेकर कई बार विभाग और पंचायत सदस्य को भी कहा लेकिन इसके बावजूद कोई भी ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद मंगलवार रात को हुई जोरदार बारिश के चलते पुलिया पूरी तरह से टूट गई। लोगों ने प्रशासन से इस पुलिया की शीघ्र मरम्मत की मांग उठाई है।