प्रदर्शन के दौरान आउटसोर्सिंग कर्मियों व पुलिस में जमकर तकरार हुई और बैरिकेड तोड़कर कर्मी पहले वीसी ऑफिस तक पहुंच गए।
बाद में कुंटिया महासचिव सुनील कक्कड़ के समझाने पर कर्मी मेन सड़क पर वापस लौटे और वहां धरना शुरू कर दिया। उल्लेखनीय है कि कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में लगे आउटसोर्सिंग कर्मी डीसी रेट देने व पिछले महीनों से रुका हुआ वेतन देने की मांग को लेकर आंदोलन पर हैं।
वीरवार को प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए वीसी कार्यालय की और रुख किया और पुलिस से तकरार हुई। इसी दौरान कर्मियों ने सेकेंड गेट से केयू में आने वाली सड़क पर लगे बैरिकेड तोड़ दिए और वीसी ऑफिस के बाहर पहुंच गए।
यहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की। पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास करती रही लेकिन प्रदर्शनकारी वीसी ऑफिस के आगे से नहीं हटे। फिर कुंटिया महासचिव सुनील कक्कड़, रविंद्र तोमर व कर्मचारी नेता संत कुमार ने समझा कर प्रदर्शनकारियों को वीसी कार्यालय से हटाया।
कर्मियों ने प्रमुख सड़क पर जाम लगाते हुए वहां धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, वे आंदोलन जारी रखेंगें।
नजर आने लगी अव्यवस्था
आउटसोर्सिंग कर्मियों की हड़ताल से केयू में अव्यवस्था नजर आने लगी है। यूनिवर्सिटी मार्केट, प्रशासनिक भवन और परीक्षा शाखा के आसपास गंदगी के ढेर नजर आए।
गुरुवार को इन भवनों के आसपास और पूछताछ केंद्र के बाहर भी गंदगी के ढेर देखे गए। यहां आए विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
डीसी रेट न मिलने तक चलेगा आंदोलन
कुंटिया प्रेस सचिव रविंद्र तोमर ने कहा कि डीसी रेट न मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। जब उन्हें कुलसचिव द्वारा डीसी रेट के लिए नए सर्विस प्रोवाइडर को अधिकृत करने की बात बताई गई, तो तोमर ने कहा कि जब तक उन्हें लिखित में कुछ नहीं मिलता, तब तक वे अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस नहीं लेंगें।
नए सर्विस प्रोवाइडर अधिकृत किए : कुलसचिव
केयू कुलसचिव डॉ. केसी रल्हाण ने कहा है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए सर्विस प्रोवाइडर को डीसी रेट के लिए अधिकृत कर दिया है।
उन्होंने बताया की डीसी रेट देने के लिए प्रशासन ने सभी प्रशासनिक औपचारिकताओं को पूरा कर लिया है। अगले दो तीन दिन में सर्विस प्रोवाइडर इसे लागू कर देंगे।
विश्वविद्यालय ने अपने वादे को समय सीमा में पूरा किया है। आउट सोर्सिंग से लगे कर्मचारियों की हड़ताल पूरी तरह से अनुचित है।