जम्मू। पिछले सत्र में दाखिले रुकने के बाद जम्मू विश्वविद्यालय ने बीपीएड और एमपीएड कोर्स को फिर शुरू कराने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। 22 मई को हुई अकादमिक काउंसिल ने दोनों कोर्स को सेल्फ फाइनेंस से नॉन सेल्फ फाइनेंस करने पर सहमति दी है। साथ ही स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं तैयार की जा रही हैं।
बीते साल एनसीटीई ने बीपीएड और एमपीएड कोर्स में दाखिले पर रोक लगा दी थी। सवाल उठाया था कि जब डायरेक्टरेट ऑफ फिजिकल एजुकेशन को नियमित अनुदान और दूसरी सुविधाएं मिल रही हैं तो बीपीएड और एमपीएड को सेल्फ फाइनेंस मोड में क्यों चलाया जा रहा है। स्थायी शिक्षकों, प्रोसेसिंग फीस और अन्य जरूरी मानकों को लेकर भी आपत्तियां जताई थीं। विवि के अनुसार शुरुआत में ये कोर्स सेल्फ फाइनेंस मोड में इसलिए शुरू किए गए थे क्योंकि उस समय स्थायी शिक्षक उपलब्ध नहीं थे। अब शिक्षकों का वेतन विश्वविद्यालय के नियमित बजट से दिया जा रहा है। ऐसे में कोर्सों को सेल्फ फाइनेंस मोड में चलाने का औचित्य नहीं रह गया है।
-
शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज
बीपीएड और एमपीएड कोर्स स्कूलों और कॉलेजों में शारीरिक शिक्षा शिक्षक बनने के लिए अहम माने जाते हैं। एनसीटीई की आपत्तियों के चलते सत्र 2025-26 में एक भी दाखिला नहीं हो पाया था। इससे खेल शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यार्थियों के सामने संकट खड़ा हो गया। कई छात्रों को दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ा। डायरेक्टरेट ऑफ फिजिकल एजुकेशन के निदेशक डॉ. दाऊद इकबाल बाबा के अनुसार विवि प्रशासन परिषद की आपत्तियों को दूर करने के लिए काम कर रहा है। स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है और जरूरी शैक्षणिक व प्रशासनिक व्यवस्थाएं मजबूत की जा रही हैं। विश्वविद्यालय ने एनसीटीई में अपील भी दायर की है। उम्मीद है कि सुधार प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए सत्र से दोनों कोर्स में दाखिले शुरू हो सकेंगे।
अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं
काउंसिल के अनुसार कोर्स को नॉन सेल्फ फाइनेंस करने से विवि पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा। इसके लिए जरूरी ढांचा और संसाधन भी उपलब्ध हैं। जनवरी में हुई यूनिवर्सिटी काउंसिल की बैठक में भी यह मुद्दा उठा था। अब अकादमिक काउंसिल की सहमति के बाद प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।