सांबा। जिले के सीमावर्ती गांव रिगाल की भारत-पाकिस्तान सीमा पर तारबंदी के पास से गत दिवस पीले हथियार बरामद होने के बाद पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां सर्च अभियान चलाए हुए हैं।
रक्षा सूत्रों के अनुसार पहले यह तस्करों का मार्ग हुआ करता था। बाद में घुसपैठियों का इस मार्ग पर आना जाना शुरू हो गया। इसी क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से निकाली गई सुरंग भी मिली थी। जो भारतीय सीमा के 160 मीटर अंदर थी। आशंका जताई जा रही है कि सुरंग से घुसपैठ भी हुई थी। वहीं गत दिनों पाकिस्तानी रेंजरों ने एक घुसपैठिए को इसी क्षेत्र से भारतीय सीमा में भेजने की साजिश रची थी, जिसे सुरक्षा बलों ने ढेर कर दिया था। उधर सूत्रों का कहना है कि जिस स्थान से हथियारों का पैकेट मिला है उससे सौ मीटर की दूरी पर बीएसएफ का नाका है। जहां बीएसएफ के जवान तैनात रहते हैं। खुफिया एजेंसी के अनुसार क्षेत्र में जरूर कोई ओजीडब्ल्यू है, जिसके इशारे पर हथियारों को तारबंदी के निकट फेंका गया है। इसको लेकर पुलिस के साथ क्षेत्र में काम कर रही खुफिया एजेंसियां भी जांच में जुटी हैं। वहीं तलाशी अभियान भी चलाया गया।