मध्य कश्मीर के कंगन विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को एक मतदान केंद्र पर विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि बिल्डिंग को काफी नुकसान पहुंचा। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बुधवार की सुबह कंगन विधान सभा क्षेत्र में एक स्कूल बिल्डिंग, जिसे मतदान केंद्र घोषित किया गया था, में जोरदार विस्फोट हुआ।
इस धमाके में बिल्डिंग को काफी क्षति पहुंची है। तुरंत बम निरोधक दस्ता घटनास्थल पर पहुंचा, लेकिन घटनास्थल से कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
पुलिस की ओर से जांच शुरू कर दी गई है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि इस स्कूल में किसी ने आतंकी घटना को अंजाम देने के लिए ये विस्फोटक सामाग्री रखी थी।
उधर, एक अन्य घटना में दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले के यारिपुरा इलाके में उस समय अफरातफरी मच गई, जब इलाके में गोलियों की आवाज सुनाई दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, पास के सेब के बागों से गोलियां चलने की आवाज आई, लेकिन पुलिस ने इसे नकारा दिया।
कुलगाम के एडिशनल डीएसपी शबीर अहमद के अनुसार आजकल शादियों का दौर है जिसके चलते इलाके में आतिशबाजी हुई। गोलियां चलने की कोई घटना नहीं हुई।