तीन महीने सुलगने वाली कश्मीर घाटी पर बर्फ की सफेद चादर से जख्म भरने की तैयारी की जा रही है। पर्यटन विभाग पीक सीजन में हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए घाटी में बड़े पैमाने पर नेशनल और इंटरनेशनल स्पोर्ट्स आयोजन कराने जा रहा है। इससे न सिर्फ विभाग पीक सीजन के नुकसान की भरपाई करेगा, बल्कि घाटी के युवाओं का ध्यान बंटाने की कोशिश भी होगी।
इसके अलावा घाटी में फिर से बॉलीवुड़ के सितारों को बुलाने की तैयारियां भी हो रही हैं। पर्यटन विभाग के एक उच्च अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर, गुलमर्ग, लेह और कारगिल में विंटर गेम्स आयोजित कराने की योजना बनाई गई है।
गुलमर्ग में इंटरनेशनल स्कीइंग और स्केटिंग कराने की योजना है। इसके अलावा लेह और कारगिल में नेशनल स्पोर्ट्स आयोजित किए जाएंगे। श्रीनगर में दिसंबर में विंटर कार्निवाल आयोजित कराया जाएगा। इन आयोजनों में देश और विदेश से पर्यटकों को लाने का प्लान तैयार है।