हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर की रहने वाली थी नर्स प्रियंका
संवाद न्यूज एजेंसी
विजयपुर। थाना अंतर्गत क्षेत्र गगोर में संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार को किराये के कमरे में रह रही विजयपुर एम्स में तैनात नर्स युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के अनुसार प्रियंका (25) पुत्री अमर सिंह निवासी हमीरपुर हिमाचल प्रदेश एम्स विजयपुर में नर्स के पद पर कार्यरत थी। बताया जाता है कि रविवार को काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ। लोगों ने किसी तरह कमरे के अंदर देखा तो युवती का शव पड़ा मिला। जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने विजयपुर पुलिस को सूचित किया।
थाना प्रभारी परवेज खांडे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर एम्स पहुंचे वहां तैनात डॉक्टरों मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिजनों को सूचित किया। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद देर शाम शव परिजनों को सौंप दिया गया। वह अकेली कमरे में रहती थी। मौके पर एफएस एल टीम भी पहुंची और घटना स्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि जिस कमरे से प्रियंका का शव मिला वहां पर कुछ मेडिसिन भी विखरी हुई थी।
डीएसपी अरुण सिंह जमवाल ने बताया कि विजयपुर पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। लेकिन अभी तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।