राहुल की शादी करीब डेढ़ साल पहले निशा के साथ हुई थी। पिछले डेढ़ महीने से निशा अपने मायके में रह रही थी। परिजन के मुताबिक, राहुल उसे वापस लाने के लिए लगातार ससुराल जा रहा था। शनिवार को भी गया था। रविवार को राहुल ने फोन पर मां मधु देवी से बात की और बताया कि उसकी पत्नी आने को तैयार नहीं है। बातचीत के दौरान अचानक राहुल के चीखने की आवाज सुनाई दी, जिससे मां घबरा गईं। उन्होंने ससुराल के पास रहने वाले रिश्तेदार को उसका पता लगाने के लिए भेजा।
रिश्तेदार जब मौके पर पहुंचा तो घर में कोई नहीं था। अंदर राहुल पंखे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को जीएमसी के शवगृह के बाहर राहुल की मां ने बताया कि उनका बेटा पत्नी के मायके में रहने से परेशान था और उसे वापस लाने के लिए बार-बार प्रयास कर रहा था। चट्ठा चौकी प्रभारी जरनैल सिंह के अनुसार, सतवारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।