बारामूला। उड़ी क्षेत्र में लोअर झेलम विद्युत परियोजना की नहर में रविवार को डूबे चार लोगों में से दो और लोगों का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। रविवार को एक किशोर का शव देर शाम को ही बरामद कर लिया गया था। एक व्यक्ति को सकुशल जिंदा बचा लिया गया था।
जानकारी के मुताबिक रविवार को एक परिवार के चार सदस्य पिकनिक मनाने उड़ी क्षेत्र में झेलम जलविद्युत परियोजना की जेहानपुर स्थित नहर के पास गए थे। इसी दौरान एक सदस्य फिसल कर तेज बहाव वाले नहर में गिर गया। उसे बचाने के लिए अन्य तीनों सदस्य भी नहर में कूद पड़े। सभी तेज बहाव में बहने लगे। हादसा देख मौजूद स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति सैयद मोहम्मद इलियास गिलानी (31) निवासी तौहीदगुंज को किसी तरह नहर सेे सकुशल बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स ने व्यापक स्तर पर बचाव अभियान चलाया। देर शाम किशोर इब्राहिम बिन शौकत (13) पुत्र शौकत अली शाह निवासी नरकारा बडगाम का शव बरामद हुआ। सोमवार को सुबह से सेना, एसडीआरएफ, बारामूला पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों ने फिर से संयुक्त बचाव अभियान चलाया।
लापता दोनों लोगों का शव शाम तक बरामद कर लिया गया। दोनों की शिनाख्त मेहनाज़ रशीद शाह (30) पुत्र अब्दुल रशीद शाह निवासी खानयार और अहमद बिन खालिद (13) पुत्र खालिद मेहराज शाह निवासी हैदरपोरा के रूप में हुई। मौके पर मौजूद दोनों के परिजन और करीबी शोक में डूब गए।