भारी बारिश के कारण चिनाब नदी में बहने वाली एक नाव को सेना ने उस वक्त सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया, जब नाव पाकिस्तान की ओर बह रही थी। बारिश के कारण चिनाब में आई बाढ़ में परगवाल क्षेत्र के हमीरपुर कोना के पास नदी में बंधी नाव बह गई।
लोगों ने पहले नाव निकालने के प्रयास किए, लेकिन बहाव तेज होने के कारण वे असफल रहे। उसके बाद उन्होंने सेना को सूचित किया। सलाल से पानी छोड़ने के कारण चिनाब में जल का बहाव तेज हो गया था।
टाइगर डिवीजन के फोरमेशन इंजीनियरों ने इसे चुनौती के रूप में लेते हुए हाई पावर फाइबर नाव का उपयोग कर पाक की ओर बह रही नाव को देर शाम निकाल लिया और नाव उसके मालिक को सौंप दी।
सेना ने जिस स्थान से नाव को सुरक्षित निकाला, वह पाकिस्तान से लगती अंतर्राष्ट्रीय सीमा के करीब थी। यदि थोड़ी देर होती तो नाव पाकिस्तान क्षेत्र में बह जाती।