पांच अप्रैल से बोर्ड कार्यालय रिहाड़ी में यह कार्यक्रम आरंभ होगा
जम्मू कश्मीर स्टेट बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन की तरफ से 12वीं पास या फिर 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वालेविद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा की तैयारी करवाने के लिए कंप्रीहेंसिव कोचिंग प्रोग्राम (व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम) शुरू किया जा रहा है।
45 दिन तक इस कोचिंग प्रोग्राम में विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग की प्रवेश की तैयारी के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। बोर्ड की तरफ से पहली बार इस तरह का प्रयास किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने के बाद विद्यार्थी मेडिकल और इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुट जाते हैं।
इसके लिए विद्यार्थी कोचिंग इंस्टीट्यूट में पहुंचते हैं, जहां विद्यार्थियों से मोटी रकम फीस के रूप में वसूली जाती है। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए कोचिंग लेना संभव नहीं रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जम्मू कश्मीर स्टेट बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन ने विद्यार्थियों के लिए पहली बार व्यापक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया है।
पांच अप्रैल से बोर्ड कार्यालय रिहाड़ी में यह कार्यक्रम आरंभ होगा। इसके लिए विद्यार्थियों का आनलाइन आवेदन करना होगा और 29 मार्च से इसके लिए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है।
ऑनलाइन आवेदन से पहले 100 विद्यार्थियों को इसमें हिस्सा लेने का मौका दिया जाएगा और 45 दिन तक विद्यार्थी मेडिकल और इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षा का प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों से तीन हजार रुपये फीस वसूली जाएगी। कोचिंग में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थी को मार्क शीट की कापी या फिर रोल नंबर स्लिप की कापी जमा करवानी होगी।