सांबा। कस्बे के किले में बुधवार को ब्लाक दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, लेकिन इसमें सिर्फ एक ही व्यक्ति वशारत अली पहुंचा। वशारत ने अपने क्षेत्र की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। उन्होंने पहाड़ी गांव कार्ड से प्यूर, सांबा से सुंब, सांबा से मानसर मार्ग की मरम्मत की मांग उठाई। वही पानी की किल्लत दूर करने के साथ पशु तस्करी पर अंकुश लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि उपायुक्त सांबा को शिकायत की गई कि श्रम राशन कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं। सड़क एवं भवन निर्माण विभाग की ओर से मार्गों की दशा को सुधारने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। इस पर उपायुक्त ने कहा कि जो भी अधिकारी अपने काम के प्रति गंभीर नही होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने टीएसओ को निर्देश जारी किए कि श्रम राशन कार्ड के लिए शिविर लगा कर लोगों को जागरूक करें व उनके नाम पंजिकृत करें। उन्होंने सडक़ व भवन निमार्ण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि टूटे मार्गों की शीघ्र मरम्मत की जाए।
लोग बोले-जब समस्या का समाधान नहीं होगा तो क्यों आएंगे
सांबा। स्थानीय निवासी नरेश शर्मा, गंभीर सिंह, पूर्व पार्षद रवि खजूरिया आदि ने बताया कि ब्लाक दिवस, आउटरीच कार्यक्रम के दौरान आम लोग अपनी परेशानी सुनाते हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं होता। इसके चलते ऐसे कार्यक्रम से लोग किनारा कर रहे हैं। उनके अनुसार कई कार्यक्रमों में उन्होंने अपनी परेशानी उठाई थी, लेकिन कोई समाधान ही नहीं निकाला गया। ऐसे में अब लोग क्यों अपना समय बर्बाद करें। कस्बे में पानी की किल्लत से कई बार अधिकारियों को अवगत करवाया गया। सुंब मार्ग के विकास की समस्या को उठाया गया लेकिन आज तक समाधान नहीं हुआ। ऐसे में ब्लाक दिवस के कार्यक्रम का कोई मकसद ही नहीं रह जाता है।
.