दोमाना। रायपुर दोमाना के मिश्रीवाला में बुधवार को ब्लॉक दिवस पर कार्यक्रम करवाया गया। इसमें पहुंचे लोगों ने कहा कि अफसरों को समस्याएं बताएं क्यों, हल तो होतीं नहीं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पीएमजीएसवाई, श्रम विभाग, सामाजिक कल्याण, शिक्षा और राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल थे। बिजली निगम, जलशक्ति, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग के अफसर भी लोगों की समस्याएं सुनने पहुंचे थे। कार्यक्रम में पहुंचे पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि सितंबर से हर बुधवार को इस तरह का कार्यक्रम करवाया जा रहा है, लेकिन यह नाममात्र का है। आरोप है कि यहां पर सिर्फ समस्याओं को लिखा जाता है, लेकिन आज तक जमीनी स्तर पर कोई भी समस्या हल नहीं हो पाई है। हालांकि इसमें डोमिसाइल प्रमाणपत्र, पेंशन फार्म और लाडली बेटी योजना के फार्म जमा करवाने की सुविधा मिल रही है।
2011 और 2016 में राज्य विवाह सहायक योजना का सर्वे हुआ था। इसमें बेटी की शादी में सरकार की तरफ से मदद की जानी थी। उस सर्वे के मुताबिक आज तक लोगों को कोई मदद नहीं मिल पा रही है। लोग सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को हल नहीं किया जा रहा। ब्लॉक भलवाल के पटवारियों के कार्यालय पर भी पटवारी मौजूद नहीं रहते। बेस्ट पाकिस्तानी रिफ्यूजियों से लाडली बेटी योजना के फार्म भरने पर स्टेट सब्जेक्ट मांगा जाता है, जबकि 370 हटने के बाद स्टेट सब्जेक्ट की मान्यता खत्म हो चुकी है। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि लोगों को सड़क, बिजली-पानी की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बीते पांच माह से रैपर दोमाना, मढ़ और मथवार ब्लॉक के लोगों के लिए मिश्रीवाला के साईं पैलेस में हर बुधवार को ब्लॉक दिवस के रूप में अधिकारी मौजूद रहते हैं, ताकि लोगों की समस्याएं सुनकर उनको हल किया जा सके, लेकिन समस्याएं हल नहीं होने पर लोगों का कार्यक्रमों में आना बंद कर दिया है।