संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। मेंढर में नियंत्रण रेखा पर कृष्णा घाटी सेक्टर में शनिवार दोपहर बारूदी सुरंग की चपेट में आने से एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जाट रेजिमेंट के लांसनायक दीपक कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर उत्तरी कमान अस्पताल उधमपुर रेफर किया है।
मेंढर में एक हफ्ते में यह दूसरा मामला है। इससे पूर्व बालाकोट सेक्टर के तरकुंडी में बारूदी सुरंग विस्फोट में एक जवान घायल हो गया था। नियंत्रण रेखा पर बारूदी सुरंगों में विस्फोट के पीछे मुख्यत: दो कारण होते हैं। पहला भारतीय सेना की तरफ से घुसपैठ रोकने के लिए बिछाई बारूदी सुरंगें बारिश, बर्फबारी से खिसककर आगे-पीछे हो जाती हैं। इसका पता न होने से जवान या नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्रों के ग्रामीण व मवेशी चपेट में आ जाते हैं। दूसरा भारतीय सेना को नुकसान पहुंचाने के लिए पाकिस्तानी सेना और आतंकियों की ओर से भारतीय क्षेत्र में घुसकर बारूदी सुरंग बिछाई जाती है।