जम्मू-कश्मीर में कठुआ के जंगलोट सैन्य कैंप में रहस्यमयी तरीके से हुए धमाके में एक जवान की मौत हो गई। एक जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है।
सूत्रों की मानें तो कैंप में सिलिंडर में आग लगने से ब्लास्ट हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि अभी धमाके की वजहों की जांच की जा रही है।
उधर पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ और नौशेरा में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। शनिवार शाम करीब पांच बजे पाकिस्तान की ओर से पुंछ सेक्टर में शुरू की गई गोलीबारी अभी तक जारी है।
वहीं नौशेरा में भी रविवार दोपहर से गोलाबारी जारी है। भारतीय सेना के जवान पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। इसी बीच एक जवान के शहीद होने की खबर मिली है।
शहीद जवान की पहचान हरि वाकर, निवासी राजस्थान के रूप में हुई है। हरि गोलीबारी के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।