जम्मू। लद्दाख को बोडो क्षेत्रीय परिषद की तर्ज पर संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार के एलान के बीच भाजपा ने चुनाव में हिस्सा लेने का फैसला लिया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने शुक्रवार को लेह दौरे के दौरान पार्टी नेताओं का मन टटोला। उन्हें आश्वासन दिया कि भाजपा और केंद्र सरकार लद्दाख के लोगों के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसके बाद चुनाव में हिस्सा लेने पर पार्टी में सहमति बनी।
लेह स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी पार्षद ग्याल पी वांग्याल ने बताया कि पार्टी 16 अक्तूबर को होने वाले चुनाव में हिस्सा लेगी और इस बारे में पार्टी में सहमति बन गई है। 2015 में हुए लेह स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के चुनाव में कुल 30 सीटों में से 26 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को 18 सीटों पर जीत मिली थी। पार्टी ने पहली बार लेह में परिषद का गठन किया। कांग्रेस को पांच, नेकां को दो और एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती थी।
लद्दाख चुनाव का गतिरोध खत्म करने की कवायद तेज
लेह/जम्मू। पहाड़ी विकास परिषद लेह के चुनाव बहिष्कार पर गतिरोध खत्म करने के लिए कवायद तेज हो गई है। बहिष्कार का एलान करने वाली पीपल्स मूवमेंट एपेक्स बॉडी के प्रतिनिधियाें ने अपने तमाम कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। इन नेताओं की केंद्र से संवाद शुरू हो गया है। जिला प्रशासन ने एपेक्स बॉडी के प्रतिनिधियों को कोई भी कार्यक्रम करने से पूर्व अनुमति लेने को कहा था, जिसके बाद लेह शहर के कार्यक्रम स्थगित और बाहरी इलाकों में प्रस्तावित कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। राजनीतिक, धार्मिक और सामजिक संगठनों की संयुक्त एपेक्स बॉडी के प्रतिनिधियों ने कहा कि फिलहाल सभी कार्यक्रम स्थगित किए गए हैं। लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने संबंधी केंद्र से बातचीत चल रही है। उम्मीद है कि इसका समाधान निकलेगा।