जम्मू-कश्मीर के राजोरी के सीमावर्ती गांव डुंगी ब्लॉक स्थित थथयाली गांव निवासी एक व्यक्ति की मौत के करीब चार माह बाद उसके शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम किया गया है।
जानकारी के अनुसार करीब चार माह पहले डुंगी के थथयाली निवासी मोहम्मद रजाक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी। उन दिनों कोरोना के चलते लगाए गए लॉकडाउन के दौरान परिवार ने शव को बिना पुलिस को बताए दफन कर दिया।
बताया जा रहा है कि रजाक का एक भाई तब विदेश में था, लेकिन कुछ माह पहले वह घर पहुंचा और उसे मौत का पता चला। भाई ने अपने स्तर पर छानबीन की इसके बाद आरोप लगाया कि उसकी मौत सामान्य नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या थी।
वहीं परिवार ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम करने और फिर से तहकीकात करने की मांग को लेकर पुलिस से गुहार लगाई। राजोरी पुलिस ने डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट नजीर शेख के आदेश के बाद शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने बताया कि अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।