चुग बोले, जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा और पूरी तरह सुरक्षित
पूर्व मुख्यमंत्री पर लगाया नकारात्मक राजनीति करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि केंद्र सरकार कश्मीर पर सिर्फ भारतीय नागरिकों से बात करेगी, पाकिस्तान से नहीं। यह जवाब उन्होंंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला द्वारा नई दिल्ली और इस्लामाबाद से कश्मीर समस्या के समाधान के लिए बातचीत करने का आग्रह पर पूछे गए सवाल दिया है।
प्रेसवर्ता में उन्होंने कहा कि फारूक अब्दुल्ला को बार-बार सपने में पाकिस्तान क्यों दिखता है? वह चीन का गाना क्यों गाते हैं? जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा है और पूरी तरह सुरक्षित है। भारत को जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा के लिए किसी की दया की जरूरत नहीं है। यह पाकिस्तान की दया पर नहीं है। कश्मीर के लोग विकास के साथ हैं और वे अब इन साजिशों का शिकार नहीं होंगे।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पर निशाना साधते हुए चुघ ने पूर्व मुख्यमंत्री पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा नकारात्मक राजनीति में शामिल रही हैं। इन तीन परिवारों ने माहौल खराब करने के लिए हमेशा नकारात्मक राजनीति की है। भाजपा नेता ने कहा कि वह रविवार को उप राज्यपाल प्रशासन द्वारा आयोजित तिरंगा रैली में लोगों की भारी भागीदारी देखकर आश्चर्यचकित हैं। उन्होंने पीडीपी नेता को स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा उठाने की सलाह दी।
पूर्व मुख्यमंत्री के पास अभी भी समय है, वह बाहर आएं और तिरंगा उठाएं
भाजपा नेता ने कहा कि मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि उनके पिता एवं पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने लाल चौक पर तिरंगा क्यों नहीं फहराया? वह खुद एक मुख्यमंत्री और पीडीपी अध्यक्ष थीं, उन्होंने झंडा क्यों नहीं फहराया?वह अभी भी पुराना राग अलाप रही हैं। उनसे अपील है कि अभी भी समय है, उन्हें बाहर आना चाहिए और तिरंगा उठाना चाहिए।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा जम्मू-कश्मीर
चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर आगे बढ़ रहा है। यहां शांति, विकास और विश्वास है। पहले केवल हजारों लोग वोट देने आते थे, लेकिन अब लाखों लोग वोट करते हैं। क्योंकि उनका मानना है कि प्रधानमंत्री उनके अधिकारों और यहां के विकास के लिए काम कर रहे हैं।