भाजपा ने विधानसभा चुनाव में मिशन 44 को पूरा करने के लिए हाईटेक तकनीक का इस्तेमाल किया है। पूरे राज्य में चुनावी गतिविधियों पर पल-पल पर नजर रखने और अपने प्रत्याशियों की गतिविधियों को चलाने के लिए आईटी टेलीकम्यूनिकेशन सेंटर का आगाज किया है।
शहर के रिहाड़ी कालोनी में बने सेंटर का राष्ट्रीय महामंत्री राम लाल ने शनिवार को उद्घाटन किया। पार्टी के ही वरिष्ठ नेता जयदेव राजवाल इस सेंटर का संचालन करेंगे। भाजपा ने इसे चलाने के लिए लगभग एक दर्जन लोगों को नियुक्त किया है।
इस सेंटर के माध्यम से पार्टी ने राज्य के मतदाताओं से जुड़ने की रणनीति बनाई है। यहां से पार्टी का फेसबुक, व्हट्सएप, यूट्यूब, एसएमएस, ईमेल आदि सोशल नेटवर्किंग साइट्स आपरेट की जाएंगी। पार्टी राज्य की 87 में से 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, लेकिन नजर सभी सीटों पर रखी जाएगी।
पार्टी के सभी उम्मीदवार हर रोज होने वाली गतिविधियों को इस सेंटर में भेजेंगे और यहां से इनको यू ट्यूृब, व्हट्सएप और फेसबुक जैसी अन्य सोशल नेटवर्किंग साइट पर अपलोड किया जाएगा, ताकि लोग इसके लिए जागरूक हों और भाजपा की नीतियों के बारे जानकारी प्राप्त करें।
इसका उद्घाटन करने पहुंचे राम लाल ने कहा कि यह सेंटर कई आधुनिक उपकरणों से लैस है। मौजूदा समय में संचार सेवा बहुत हाईटेक हो गई है। हर कोई इससे जुड़ रहा है। इसलिए हमें लगता है कि इसके माध्यम से हमारे उम्मीदवार और पार्टी भी लोगों के साथ सीधी जुड़ेगी।