विश्नाह। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला जम्मू बॉर्डर अध्यक्ष शुभम मन्हास की अध्यक्षता में वीरवार को विश्नाह के तारा चौक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उमर अब्दुल्ला सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उमर अब्दुल्ला सरकार का पुतला फूंका गया। मौके पर पूर्व विधायक अश्विनी कुमार शर्मा, भाजपा नेता अशोक पांडेय, अनिरुद्ध शर्मा और सोनू प्रधान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शनकारियों ने नेशनल कांफ्रेंस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के दो साल पूरे होने को हैं, लेकिन चुनाव से पहले किए गए वादे अभी भी अधूरे हैं। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि नेशनल कांफ्रेंस सरकार युवाओं को रोजगार देने में असफल रही है। कहा कि जम्मू कश्मीर की जनता को पर्याप्त बिजली भी नेशनल कांफ्रेंस सरकार उपलब्ध नहीं करा पा रही है। इसके साथ ही चुनाव के समय किए गए मुफ्त बिजली सहित अन्य वादों को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उमर अब्दुल्ला सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनहित से जुड़े इन वादों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आने वाले समय में प्रदेश भर में भाजपा अपने आंदोलन को और अधिक तेज करेगी।