श्रीनगर एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्षी नेताओं की टीम को सुरक्षा की दृष्टि से रोके जाने और उन्हें वापस भेजने पर प्रदेश कांग्रेस ने कड़ी निंदा की है। वहीं, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा कि जो काम पाकिस्तान नहीं कर पा रहा है, वह कांग्रेस करने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस बयान में प्रदेशाध्यक्ष गुलाम अहमद मीर, तारा चंद, मदन लाल शर्मा, रमण भल्ला, मूला राम, कांता भान, रविंद्र शर्मा, आरएस चिब, सुमन भगत, जुगल किशोर आदि नेताओं ने राहुल गांधी व विपक्षी दलों के नेताओं की टीम को श्रीनगर एयरपोर्ट से बाहर न आने देने की कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि सरकार यहां एक तरफ दावा कर रही कि हालात सामान्य है। वहीं भाजपा के नेताओं को छोड़ अन्य किसी दल के नेता को यहां पर आने तक नहीं दिया जा रहा है। केंद्र सरकार की अलोकतांत्रिक कार्यशैली देश में विपक्ष के बड़े नेताओं तक का सम्मान नहीं कर रही है।