जम्मू/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में डीडीसी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव के तीसरे चरण में बुधवार को और चार जिलों में चुनाव होंगे। सांबा में बहुमत होने के कारण भाजपा का अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सर्वसम्मति से चुना जाना तय है। रियासी में नेकां की ओर से अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी खड़ा करने की घोषणा से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। घाटी के पुलवामा व गांदरबल में पीएजीडी का बहुमत है, लेकिन जिस प्रकार से अन्य जिलों में हुए चुनाव में तोड़फोड़ हुई उससे सर्वसम्मति से चुनाव की राह आसान नहीं लग रही है।
सांबा में डीडीसी अध्यक्ष पद चुनाव में भाजपा के केशव दत्त के नाम पर मुहर लगना तय है। 14 में से भाजपा ने 13 सीटें जीती हैं। पार्टी ने रामगढ़-ए से निर्वाचित केशव दत्त को अध्यक्ष जबकि सुंब से चुनकर आए बलवान सिंह को उपाध्यक्ष पद के लिए नामित किया है।
रियासी में जिला विकास परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनावी समीकरण बेहद रोचक हैं। सात सीटें जीतने वाली भाजपा की ओर से भमाग से जीतकर आए सर्राफ सिंह नाग अध्यक्ष जबकि जिजबगली से निर्वाचित अब्दुल रशीद को उपाध्यक्ष पद के लिए उतारा गया है। वहीं, रियासी से जीते नेशनल कांफ्रेंस के डीडीसी सदस्य जगजीवन लाल ने भी अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी जताई है। यहां नेकां के पास तीन, अपनी पार्टी के पास दो सदस्य हैं। एक-एक कांग्रेस व निर्दल सदस्य जीते हैं। नेकां की ओर से प्रत्याशी उतारे जाने से यहां मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है।
गांदरबल में डीडीसी सदस्य का पीडीपी से इस्तीफा
गांदरबल में पीडीपी की महिला सदस्य तस्मीना आदिल के इस्तीफे से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अब गुपकार गठबंधन के पास 10 सदस्य रह गए हैं। यहां से नेकां के पूर्व विधायक रहे इश्फाक जब्बार की पत्नी नुशहत इश्फाक को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया गया है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि तस्मीना अध्यक्ष पद पर दावेदारी कर सकती हैं। ऐसे में तीन निर्दलियों के सहयोग से सर्वसम्मति से पीएजीडी के अध्यक्ष बनाने की कोशिशों पर पानी फिर सकता है।
पुलवामा में किसी ने पत्ते नहीं खोले
आतंकवाद प्रभावित पुलवामा में गुपकार गठबंधन के पास नौ सदस्यों का समर्थन है। यहां भाजपा की एक महिला सदस्य भी चुनाव जीती हैं। चार निर्दल हैं। ऐसे में यहां भी सर्वसम्मति के बजाय चुनाव की संभावना है। हालांकि, अभी तक किसी ने पत्ते नहीं खोले हैं।
--------------
जिलों में पार्टियों की स्थिति
रियासी
भाजपा 07
नेकां 03
अपनी पार्टी 02
कांग्रेस 01
निर्दल 01
सांबा
भाजपा 13
नेकां 01
पुलवामा
पीडीपी 07
निर्दल 04
नेकां 02
भाजपा 01
गांदरबल
नेकां 07
पीडीपी 04
निर्दल 03