जम्मू बिजली विभाग के रिटायर्ड चीफ इंजीनियर सुरेंद्र कुमार गुप्ता, कई नायब सरपंच, पंचों समेत कई लोगों ने भाजपा का दामन थामा। पार्टी मुख्यालय त्रिकुटा नगर में हुए स्वागत समारोह में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने कहा है कि अनुच्छेद 370 और 35-ए हटने का ही नतीजा है कि संविधान का 73वां और 74वां संशोधन जम्मू-कश्मीर में लागू होने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस(नेकां) और पीडीपी ने केवल अपने परिवारों तक सोच सीमित रखी जबकि भाजपा राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा राज्य में हुए पंचायत चुनाव का पीडीपी, नेकां ने बहिष्कार तक किया था और कांग्रेस का रवैया भी नाकारात्मक रहा था। लेकिन लोकसभा व विधानसभा चुनाव के लिए ये दल तैयार हैं। जबकि भाजपा ने पंचायत चुनाव आतंकियों की धमकियों की परवाह किए बिना लड़ा।
रैना ने कहा कि राज्य में थ्री टियर पंचायत राज सिस्टम लागू होगा। बीडीसी चुनाव जल्द होंगे। इसके बाद तीसरे टियर के तहत डीडीसी चुनाव भी करवाएं जाएंगे। 31 अक्टूबर के बाद जम्मू कश्मीर में बड़े स्तर पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर महासचिव डा. नरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम का समन्वय किया।
भाजपा में शामिल होने वालों में नायब सरपंच कपिल देव शर्मा, पंच विजय रैना, पंच रमेश कुमार, सेवा दल के ब्लाक अध्यक्ष नारायण दत्त, यशपाल शर्मा, सुरेश कुमार, ब्रह्म दत्त, हंस राज, द्वारिका दास, लाल चंद मास्टर, चरण दास, प्रकाश, मुकुंद राम, काका राम, संजय कुमार, पवन कुमार, पूरण चंद, महेश चंद्र, केवल कुमार, रफीक मोहम्मद, राधे शाम, पूरण चंद, प्रेम चंद, गोपाल चंद, अजय कुमार, सतवीर सिंह, चैन सिंह हैं।