आरएसएस की नाराजगी के बाद भी भाजपा और पीडीपी में नई सरकार के गठन के लिए निर्णायक बातचीत चल रही है। अफस्पा तथा अनुच्छेद 370 पर पीडीपी के सख्त रुख के बाद दोनों दलों में आर्म्ड फोर्सेज स्पेशल पावर एक्ट (अफस्पा) पर एक कमेटी गठित कर बीच का रास्ता निकालने पर सहमति बनी है।
साथ ही अनुच्छेद 370 पर कोई लिखित आश्वासन न देने पर अड़ी भाजपा भी नरम रुख अपनाएगी। यह तय हुआ है कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम (सीएमपी) में दोनों गठबंधन सहयोगी इन दोनों मुद्दों पर राज्य के लोगों की भावना का ख्याल रखते हुए संविधान के तहत काम करेंगे।
पीडीपी प्रवक्ता नईम अख्तर ने निर्णायक बातचीत की पुष्टि करते हुए कहा कि सीएमपी में सारी बातों का जिक्र होगा। उम्मीद है कि नई सरकार जल्द बनेगी। यह पूछे जाने पर कि क्या विधान परिषद चुनाव बाद नई सरकार बनेगी तो उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में दस दिन हैं।
यह कहकर उन्होंने अगले सप्ताह तक सरकार के अस्तित्व में आने का संकेत दिया है। सूत्रों के अनुसार सीएमपी पर दोनों दलों के प्रतिनिधियों की ओर से काफी हद तक तैयारी कर ली गई है। इसमें विवादित अफस्पा, अनुच्छेद 370 सहित अन्य मुद्दों का भी जिक्र होगा।