भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों फतह पाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ही भरोसा जताया है।
पार्टी ने रियासत में शानदार जीत का सपना संजोते हुए चुनाव के लिए नया नारा 'चलो चलें मोदीजी के साथ... चलें बीजेपी के साथ... चलो बदलें जम्मू-कश्मीर के हालात।'
रियासत में इसी माह के अंत में चुनावी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने के लिए तमाम दलों ने अपनी ताकत झोंकी हुई है।
मोदी लहर पर सवार भाजपा इस रेस में फिलहाल सबसे आगे दिख रही है, लेकिन हकीकत चुनावी नतीजों के बाद ही सामने आ पाएगी।
कौने में भाजपा के नए नारे की गूंज
पीएम नरेंद्र मोदी को स्टार प्रचारक के तौर पर इस्तेमाल करने जा रही भाजपा ने मोदी के नाम को पूरी तरह कैश करने की रणनीति बनाई है और उसी के आधार पर नया नारा भी बनाया गया है।
आने वाले दिनों में जैसे-जैसे चुनावी अभियान तेज होगा रियासत के हर कौने में भाजपा के नए नारे की गूंज सुनाई देगी। रियासत की 87 सीटों में से 44 पर झंडा बुलंद करने का इरादा बना चुकी भाजपा को पिछली विधानसभा में मात्र 11 सीटें मिली थीं।
इस बार सीटों के आंकड़े को बढ़ाने के लिए पार्टी ने पूराने 11 विधायकों में से सात का पत्ता काट दिया है। इनकी बगावत के लिए पार्टी पहले ही से तैयार है लेकिन इस बार पार्टी साफ छवि के लोगों को टिकट देकर अपनी छवि सुधारना चाहती है।
मोदी ने रैली करने को हामी नहीं भरी
रियासत की गद्दी को कब्जाने के लिए प्रदेश भाजपा कमेटी ने पीएम मोदी से प्रचार के लिए समय मांगा है। हालांकि अभी पीएम मोदी ने रियासत में रैली करने को हामी नहीं भरी है लेकिन तय माना जा रहा है कि पीएम मोदी आठ रैलियों को संबोधित करेंगे।
इन रैलियों में पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा गृह मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और वित्त मंत्री अरूण जेटली भी स्टार प्रचारक के तौर पर नजर आएंगे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर भी पार्टी के लिए प्रचार करेंगे, बता दें कि खट्टर ने पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के लिए बहुत काम किया है। हाल ही हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी रियासत को लेकर बेहद उत्साहित है।