जम्मू कश्मीर शिक्षा मंत्री अल्ताफ बुखारी
अपनी पार्टी के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी सोमवार को उत्तरी कश्मीर के उड़ी के सीमावर्ती इलाकों के दौरे पर पहुंचे। तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे बुखारी का वहां लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं जोश के साथ स्वागत किया।
उन्होंने बॉर्डर पर रहने वाले लोगों से मुलाकात की और उनकी परेशानियों के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि जम्मू-कश्मीर में चुनाव हों। भाजपा को कश्मीर में एक भी सीट नहीं मिलेगी और जम्मू में पांच-दस से ज्यादा सीटें नहीं मिलने वाली।
इस वजह से भाजपा चाहती है कि जितना समय चुनाव के बिना निकल जाए उतना ही सही है। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी चलती है और उनका जो मन करता वो वही करते हैं पर उनको यह समझना चाहिए कि लोगों में जितना गुस्सा है वो उन्होंने निकालना भाजपा पर ही है।
यह गुस्सा न तो अल्ताफ बुखारी पर निकलेगा और न ही किसी और पर। उन्होंने कहा कि मैं उन्हें यहां लाता, जहां लोग काला पानी पी रहे हैं और उन्हें कहता वह भी इसे पीयें। इससे उन्हें समझ आएगा कि लोग किस तरह से जी रहे हैं और क्या पी रहे हैं।
बॉर्डर पर बैठे जो लोग कुर्बानी देते हैं, वहां भाजपा वालों को आकर देखना चाहिए। दफ्तरों में बैठकर सिर्फ बातें ही की जा सकती हैं। बुखारी ने कहा कि बॉर्डर पर बैठे लोग केवल कुर्बानी नहीं दे रहे बल्कि बड़े-बड़े बिजली और पानी के बिल भी दे रहे हैं।
फिर भाजपा कहती है कि इन लोगों के लिए हम बहुत कुछ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को लगता है कि अगर वो बिजली देकर लोगों पर कोई अहसान कर रहे हैं तो इससे अच्छा है कि वह बिजली न ही दें।