रियासत की उमर अब्दुल्ला सरकार पर केंद्र सरकार से मिले बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत पैकेज में कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए भाजपा महासचिव बाली भगत ने राज्य सरकार को आगाह किया है कि वह केंद्र से मिले राहत पैकेज का सदुपयोग करें।
पार्टी कार्यकर्ताओं के एक दिवसीय अधिवेशन में बाली भगत ने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन सरकार बाढ़ का सामना करने में पूरी तरह से नाकाम रही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के त्वरित कदमों की बदौलत ही बड़ी संख्या में लोगों को समय पर बचाया जा सका और उन्हें राहत उपलब्ध हो सकी।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावितों लोगों की मदद के लिए केंद्र से मिली राहत का सही तरीके से उपयोग नहीं हो रहा है। जम्मू संभाग में बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए जल्द उचित कदम उठाए जाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने व्यापक स्तर पर राहत अभियान शुरू किया है और पार्टी राज्य सरकार को राहत कार्यों में भेदभाव या कुप्रबंधन करने की अनुमति नहीं देगी। इस अवसर पर पीडीपी नेता जगतार सिंह जग्गा, डा. अशोक गुप्ता, रवि कुमार, सोहन लाल, दीपक कुमार और दिलबाग भाजपा में शामिल हुए।