दो अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चिनैनी-नाशरी टनल के लोकार्पण के बाद उधमपुर जिले में उनकी रैली में भीड़ जुटाने की कवायद में भाजपा जुट गई है। शुक्रवार को भाजपा के जिला मुख्यालय कच्ची छावनी में विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक कविंद्र गुप्ता, राज्य मंत्री प्रिया सेठी, विधायक राजेश गुप्ता, उपाध्यक्ष युद्धवीर सेठी, जिला अध्यक्ष बलदेव सिंह बिलोरिया, जिला प्रभारी रजनी सेठी आदि की मौजूदगी में बैठक हुई।
बैठक में फैसला लिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में हिस्सा लेने के लिए जम्मू से बीस हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को उधमपुर के लिए भेजा जाएगा। सभी मंडल, वार्ड और बूथ स्तर के अध्यक्षों से कहा गया है कि वह प्रधानमंत्री कर रैली को लेकर लोगों को जानकारी दें ताकि दो अप्रैल को उधमपुर में होने वाली पीएम नरेंद्र मोदी की रैली को ऐतिहासिक बनाया जा सके।
कविंद्र गुप्ता ने जिला अध्यक्ष को हिदायत दी कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए स्टिकरों का प्रबंध करें और उन्हें महत्त्वपूर्ण स्थलों पर लगाया जाएं ताकि जनता को रैली के बारे में संदेश मिल सकें। उन्होंने कहा कि लोग प्रधानमंत्री मोदी को सुनना चाहते हैं, बस लोगों की रैली की जानकारी दी जानी चाहिए। कहा कि इस संबंध में डोर टू डोर अभियान भी चलाया जाए।