जम्मू। तेज तूफान के कारण बिजली न होने के कारण पेयजल आपूर्ति भी बंद रही। पीएचई विभाग की पानी स्टोरेज टैंक बोरियां समेत अन्य जगहों में वीरवार शाम पांच बजे से सुबह दस बजे तक नहीं चली। 17 घंटे मोटरें न चलने पर शहर में पेयजल आपूर्ति चरमराई रही। सुबह के वक्त स्टोरेज टैंकों से पानी की आपूर्ति हुई। लोगों को सवा घंटा की जगह 10 से 15 मिनट ही पानी मिल पाया। दोपहर के समय होने वाली आपूर्ति बाधित रही है। इस कारण लोगों को जरूरत के हिसाब से पानी नहीं मिला है। 24 घंटे में 18 घंटे मोटरों को चलाया जाता है और आपूर्ति की जाती है। लंबे कट के कारण शुक्रवार को लोग पानी के लिए परेशान रहे हैं।
शुक्रवार को 20 से 25 मिलियन गैलेन प्रतिदिन पानी (एमजीडी) पानी ही मिला। जबकि जरूरत 54 जीएमडी की थी। 29 से 34 एमजीडी पानी की किल्लत रही है। पानी स्टोरेज टैंकों में पानी भरने का काम सुबह दस बजे के बाद चला। देर शाम तक टैंकों से रुक-रुक कर आपूर्ति की गई है। शास्त्री नगर, गांधी नगर, कुंजवानी, बठिंडी, बाहू प्लाजा, ओल्ड सिटी, मुबारकमंडी, रूपनगर समेत अन्य जगहों में पानी की आपूर्ति भी नहीं हो पाई है। पीएचई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई सही तरीके से टैंकों में पानी भराव के बाद ही होगी। लोगों को रोजमर्रा का काम निपटाने में भी दिक्कत आई है। पानी न आने से बाजारों से बोतलबंद पानी भी खरीदना पड़ा है।
---
तूफान के कारण लाइट बंद रही है। इस कारण स्टोरेज टैंकों में पानी नहीं भरा जा सका है। मोटरों को चलाया गया है। शनिवार से आपूर्ति रूटीन में की जाएगी। कुछ जगहों में पानी की आपूर्ति बाधित रही है।
राकेश कुमार, एक्सईएन, पीएचई