घगवाल। भीषण गर्मी के चलते लोगों का हाल बेहाल है। ऊपर से बिजली कटौती हो जाए तो जीना मुहाल हो जाता है। ऐसा ही आजकल घगवाल तहसील के लोगों संग हो रहा है। मई में पड़ रही गर्मी में जहां एक तरफ लोग गर्मी से परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ बिजली की अघोषित कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
स्थानीय निवासी निखिल, कमल, देसराज, बलबीर चंद व सुरेश शर्मा ने बताया कि बिजली की अघोषित कटौती की समस्या सबसे ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में है। जहां बिजली की आंख मिचौली का खेल दिनभर चलता रहता है। इससे न केवल ग्रामीणों को गर्मी से जूझना पड़ रहा है, बल्कि जलापूर्ति भी प्रभावित होती है। स्थानीय लोगों ने उपायुक्त से मांग की है कि घगवाल वासियों को बिजली कटौती से निजात दिलाई जाए। संवाद