जम्मू। शहर में बिजली और पानी का संकट बरकरार है। 132 केवी लाइन के ओवरलोड होने से ग्रेटर कैलाश, नरवाल, सुजवां, कुंजवानी और सांबा में दो से तीन घंटे बिजली कटौती रही। ट्रांसफार्मर भी ओवरहीट हो रहे हैं। मंगलवार को बिजली की डिमांड 1300 मेगावाट के करीब रही जबकि मौजूदा ढांचा 1100 मेगावाट लोड ही उठा पाता है। कट लगने का क्रम देर शाम तक चलता रहा। एक्सइएन पीडी सिंह ने बताया कि लोड बढ़ने से कट लगे हैं। समस्या का हल किया जा रहा है।
बारिश के बाद से शहर में पेयजल किल्लत विकराल रूप धारण करती जा रही है। मौजूदा समय में 54 एमजीडी पानी की जरूरत है जबकि आपूर्ति 30 से 35 एमजीडी पानी प्रतिदिन हो रही है। मंगलवार को शहर के बख्शी नगर, न्यू प्लाट, पुराना शहर समेत अन्य इलाकों में पानी 20 मिनट से आधा घंटा ही आया। इसके अलावा गांधी नगर, शास्त्री नगर, नानक नगर, त्रिकुटा नगर, कुंजवानी समेत अन्य इलाकों में पानी नहीं आया। इस कारण लोगों को बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि फिल्टरेशन टैंकों में मटमैला पानी आ रहा है। पानी पूरी तरह से साफ नहीं हो रहा है। इस कारण पानी की आपूर्ति में कटौती हो रही है।