अरनिया। बॉर्डर संघर्ष समिति ने सीमावर्ती क्षेत्रों के पुराने बकाया बिजली बिलों को माफ करने और 5 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निवासियों को बिजली दरों में रियायत देने की मांग को लेकर आज एक प्रेस वार्ता आयोजित की। समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन और तेज होगा।
प्रेस वार्ता में समिति के नेताओं यशपाल सैनी, कमलजीत सिंह और भारत भूषण ने सरकार और स्थानीय विधायक राजीव भगत पर गंभीर आरोप लगाए। सैनी ने कहा, हम पिछले एक महीने से धरना दे रहे हैं, लेकिन सरकार हमारी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही। सीमावर्ती क्षेत्र के लोग पहले से ही कई मुश्किलों का सामना कर रहे हैं, ऐसे में बकाया बिल भरना उनके लिए संभव नहीं है।