जिला प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में खेले गए दो मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी जिला प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को दो मुकाबले खेले गए। इनमें स्पार्टन और सुला थंडर्स की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
पहले मैच में स्पार्टन की टीम ने दुर्गा इलेवन को 27 रनों से हराया। स्पार्टन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। बल्लेबाज मुन्ना भाई ने 54, करण देव सिंह ने 20 व राकेश ने 40 रन बनाए। दुर्गा इलेवन के गेंदबाज मोहम्मद वसीम ने तीन, डॉ.शालीन ने दो, विशाल ठाकुर व हैप्पी फेंसर ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए दुर्गा इलेवन की पूरी टीम अठारह ओवर में 136 रन ही बना सकी।
बल्लेबाज रंजू राजपूत ने 53 व शालीन ने 15 रन बनाए। वहीं, मानिक व विशाल ठाकुर ने 10-10 रनों का योगदान दिया। स्पार्टन टीम के गेंदबाज इरशाद मलिक व अमीर रूफी भट्ट ने तीन-तीन जबकि सुखदेव सूर्या,धर्मेंद्र सिंह व विजय पाल सिंह ने एक-एक विकेट लिया।
दूसरे मैच में सुला थंडर्स की टीम ने विजयपुर वॉरियर्स के खिलाफ 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए। बल्लेबाज सुनील जमवाल ने 33,रोहित ने 34, नितिन ने 44 व दिनेश ने नाबाद 23 रन बनाए। विजयपुर के गेंदबाज मशकूर ने दो व हृतिक चौहान और अयूब ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए विजयपुर की टीम 20 ओवर के समाप्त होने तक नौ विकेट के नुकसान पर 131 रन ही बना सकी और 27 रन से मैच हार गई। बल्लेबाज मिक्की ने सर्वाधिक नाबाद 54 रन बनाए। वहीं, राजिंदर ने 13 धीरज ने 13 व हृतिक ने 12 रन बनाए। सुला के गेंदबाज दिनेश व जोगिंदर ने तीन-तीन जबकि गिरीश, रोहित व निखिल ने एक-एक विकेट लिया। दिनेश को मैन आफ द मैच दिया गया।