ज्यौड़ियां। बाजार के बीच से गुजर रही एलटी लाइन की तार शनिवार को फिर आग लगने से टूट गई। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी तार में आग लगने की घटना घट चुकी है, लेकिन विभाग की तरफ से ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
बाजार के दुकानदारों तथा स्थानीय लोगों का कहना है कि मन में भय बना रहता है कि पता नहीं कब बिजली की तार को आग लग जाए। शनिवार दोपहर को भी बाजार के बीच बिजली की तार में आग लग गई और चिंगारियां निकलने से कोई नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन आसपास के सभी दुकानदार डर गए। इसकी सूचना दुकानदारों की तरफ से विभाग को दी गई और तार को जोड़ा गया। इस विषय में पब्लिक ज्वाइंट एक्शन कमेटी छंब ज्यौड़ियां के प्रधान अमृत भूषण बाबा भारती, संजय कुमार शर्मा, तरसेम लाल आदि ने बताया कि बिजली की तार आए दिन टूट जाती है। विभाग ठोस कदम नहीं उठा रहा है, जिससे हमें लग रहा है कि विभाग कोई बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। लोगों ने बताया कि अगर भविष्य में कोई जानमाल का नुकसान हुआ तो इसे हादसा नहीं मानते हुए बिजली विभाग की लापरवाही मानी जाएगी।