ज्यौड़ियां। बीते सप्ताह क्षेत्र में आई आंधी से बिजली के खंभे और तारें गिर गई थीं। इनको ठीक करने के लिए सीमावर्ती गांव पलांवाला के ग्रामीणों ने विभाग की मदद की।
ग्रामीण खंभों को सीधा करने तथा ढीली तारों को ठीक करने के लिए विभाग के साथ कंधे से कंधा मिला कर काम कर रहे हैं। इस विषय में बात करते हुए सैनिक समाज सभा के सदस्य सेवानिवृत्त सुबेदार गुलबदन सिंह भाऊ ने बताया कि आंधी से बिजली के कई खंभे टेढे़ हो गये थे। तारें ढीली पड़ गई थीं। इससे कोई हादसा न हो जाए, विभाग के लोग उन तारों तथा खंभों को ठीक कर रहे हैं। जिनकी मदद के लिए क्षेत्र के लोग भी साथ लगे हैं। बिजली विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में विभाग के पास कर्मचारियों की कमी है, जिसके चलते हमें आंधी से बिजली का ढांचा खराब होने पर सुचारु करने के लिये काफी मुश्किलें आती है। हम शुक्रिया करते हैं पलांवाला के लोगों का जिन्होंने हमारी मदद की है।