शीतकालीन राजधानी जम्मू में बरसात के मौसम से पहले अहम परियोजनाओं पर जरूरी काम निपटाना विभागों के लिए चुनौती से कम नहीं है। इनमें तवी नदी में निर्माणाधीन कृत्रिम झील परियोजना के अलावा फ्लाई ओवर और सड़कों के निर्माण कार्य भी शामिल हैं। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बारिश के मौसम में तवी नदी में बाढ़ आने या जल स्तर में बढ़ोतरी होने पर कृत्रिम झील के निर्माण कार्य पर असर पड़ेगा।
इसके लिए संबंधित निर्माण एजेंसी को बारिश का मौसम शुरू होने से पहले जरूरी काम डबल शिफ्ट में पूरा करने को कहा गया है। बिक्रम चौक फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य भी इन दिनों जोरशोर से जारी है। गार्डर चढ़ाने से लेकर अन्य काम निपटाने की तरफ ध्यान दिया जा रहा है। बरसात का मौसम शुरू होने पर फ्लाई ओवर के निर्माण कार्य पर भी असर पड़ेगा।
यही नहीं शीतकालीन राजधानी जम्मू में अभी दस फीसदी सड़कों पर ही तारकोल डालने का काम पूरा हो सका है। अन्य सड़कों पर मरम्मत और तारकोल डालने का काम अभी शेष है। बारिश का मौसम शुरू होने पर सड़कों पर तारकोल का काम नहीं होता है। इसलिए जो कार्य पूरा करना है, वह संबंधित विभागों को बारिश का मौसम शुरू होने से पहले ही निपटाना होगा।
31 मार्च 2016 तक तवी में बननी है झील
पीएचई, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री चौधरी सुखनंदन कुमार का कहना है कि संबंधित निर्माण एजेंसी को तवी में कृत्रिम झील का निर्माण कार्य 31 मार्च 2016 तक पूरा करने को कहा गया है। बरसात के मौसम शुरू होने से पहले जरूरी काम निपटाने की हिदायत दी गई है।