रियासत में पंचायत चुनाव के लिए लोकसभा उपचुनाव की तिथियां आगे बढ़ाने पर चुनाव आयोग सहमत नहीं है। निर्वाचन आयोग अन्य राज्यों के साथ ही जम्मू कश्मीर में भी लोकसभा उपचुनाव कराने की तैयारी कर रहा है। श्रीनगर और अनंतनाग सीटों पर उपचुनाव अप्रैल में कराया जाना लगभग तय हो गया है।
आयोग इसी सप्ताह तिथियों की घोषणा कर सकता है। बदली हुई परिस्थितियों के कारण रियासत में पंचायत चुनाव की तिथियां आगे बढ़ाया जाना तय है। अब पंचायत चुनाव मई में ही हो पाएंगे। जम्मू कश्मीर सरकार ने अप्रैल में पंचायत चुनाव कराने के मद्देनजर चुनाव आयोग से लोकसभा उपचुनाव फिलहाल टालने की गुजारिश की थी।
आयोग ने इस मांग को खारिज कर दिया है। आयोग अगले दो-तीन दिनों में श्रीनगर और अनंतनाग के लिए मतदान की तिथियों का एलान कर सकता है। श्रीनगर और अनंतनाग के अलावा केरल में भी एक सीट पर उपचुनाव होना है। अन्य राज्यों में विधानसभा की 12 सीटों पर भी उपचुनाव एक साथ हो सकते हैं। आयोग उपचुनाव अप्रैल में कराना चाहता है।