जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के मुख्य संरक्षक एवं स्टेट लीगल एड कमेटी के कार्यकारी चेयरमैन प्रो. भीम सिंह ने कहा कि वह पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट में कुलभूषण जाधव की सजा के फैसले को चुनौती देंगे। उन्हाेंने कहा, वह स्टेट लीगल एड कमेटी की ओर से सैन्य अदालत के फैसले के खिलाफ याचिका दायर करेंगे।
उन्होंने पाकिस्तानी सैन्य अदालत द्वारा भारतीय कैदी यादव को जासूसी और अन्य गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में मृत्युदंड दिए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पाकिस्तान सर्वोच्च न्यायालय में यादव को न्याय मिलेगा।
यहां पार्टी हेडक्वार्टर में मंगलवार को पत्रकारों से मुखातिब प्रो. सिंह ने कहा कि उनकी अध्यक्षता में स्टेट लीगल एड समिति बनी है। इसमें शामिल भारत और पाकिस्तान के कई वरिष्ठ वकील भारतीय कैदियों को पाकिस्तान में और पाकिस्तानी कैदियों को भारत में मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करते हैं। सर्वोच्च न्यायालय से उनकी याचिका पर लगभग 700 पाकिस्तानी कैदियों को रिहा कराकर पाकिस्तान भेजा गया है।