जम्मू कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी सुप्रीमो एवं राष्ट्रीय एकता परिषद के सदस्य प्रो. भीम सिंह ने श्रीनगर में बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना। इस दौरान प्रो. सिंह के साथ उपाध्यक्ष मसूद अंद्राबी और पैंथर्स पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। मीडिया कर्मियों से भीम सिंह ने बताया कि श्रीनगर में प्रशासन और सरकार नाम की कोई चीज नहीं है।
पूरे शहर की गलियां बंद हो चुकी हैं तथा हजारों लोग पानी, भोजन तथा आश्रय के लिए सड़कों पर हैं। प्रो. भीम सिंह ने कहा कि उनकी याचिका पर सर्वोच्च न्यायालय ने जो ओदश केंद्र और राज्य सरकारों को दिए थे, उन पर प्रशासन ने कोई अमल नहीं किया।
दस अक्तूबर को पार्टी की याचिका पर सुनवाई के समय सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष एक विस्तृत रिपोर्ट दायर करेंगे। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर राहत कोष में अभी तक पांच हजार करोड़ से ज्यादा राशि आ चुकी है लेकिन बाढ़ पीड़ितों को इसका लाभ नहीं मिला है। उधमपुर, राजोरी, मेंढर, श्रीनगर शहर, पुलवामा, अनंतनाग और अन्य कई स्थानों पर सैकड़ों घर बर्बाद हो चुके हैं।