एलओसी से सटे इलाके को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए सड़क परियोजनाओं पर काम तेज होने जा रहा है। केंद्र की महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना भारत माला के तहत प्रस्तावित दो परियोजनाओं के लिए डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने की कवायद तेज हो गई है।
संभावनाएं तलाशने के बाद निर्माण का खाका तैयार किया जाएगा। इनमें सबसे महत्वपूर्ण मानी जा रही पुंछ-उड़ी सड़क परियोजना के मूर्त रूप लेने से एलओसी से सटे पुंछ इलाकों को सीधा उत्तरी कश्मीर के उड़ी सेक्टर से जोड़ा जा सकेगा। दूसरी परियोजना बारामुला से गुलमर्ग सड़क है।
रियासत में भारत माला सड़क परियोजनाओं की निर्माण एजेंसी नेशनल हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के सूत्रों ने बताया उक्त दोनों ही परियोजनाओं के लिए टेंडर किए गए थे। इसमें केवल एक ही एजेंसी का नाम सामने आया। इसे खारिज कर नए सिरे से टेंडर किए गए। इसके बाद तीन बिडर सामने आ गए। अब परियोजनाओं पर काम करने के प्रस्तावों का तकनीकी आकलन किया जा रहा है।