13 से 16 सितंबर तक थाईलैंड में आयोजित 14वीं एशियन गेम्स की टग ऑफ वार स्पर्द्धा में मीरां साहिब के गांव नंदपुर की रहने वाली किरण कुमारी सिल्वर मेडल लेकर लौट आई हैं। मलिक राज की बेटी किरण को बधाई देने वालों का तांता उनके घर पर लगा हुआ है।
एशियन गेम्स में पदक जीतने वाली किरण ने कहा कि वह आगे भी कड़ी मेहनत से देश के लिए पदक हासिल करने का प्रयास करेंगी। इससे पहले नेपाल में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने गोल्ड मेडल प्राप्त किया था। अभी तक राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुकी हैं।
किरण ने बताया कि हाल ही में आयोजित एशियन गेम्स में 11 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। जम्मू-कश्मीर की तरफ से वह इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली अकेली खिलाड़ी थीं। किरण अपना खेल जारी रखने के साथ दूसरे बच्चों को भी इस खेल का प्रशिक्षण दे रही हैं।
पिता ने की सरकारी नौकरी देने की मांग
किरण के पिता मलक राज ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है। उसने अपनी मेहनत व लगन के साथ कड़ा प्रशिक्षण लेकर राज्य व देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने राज्य सरकार से बेटी को सरकारी नौकरी देने की मांग की। ताकि वह आगे भी देश के लिए उत्साह से सेवा कर सके। पंचायत के सरपंच रमेश लाल महेशी ने भी किरण कुमारी को मिली बड़ी सफलता पर खुशी व्यक्त की। सरपंच ने सरकार से पंचायतों में युवाओं को खेल मैदान की सुविधा देने की मांग की। किरण कुमारी की इस सफलता के बाद घर में भी खुशी का माहौल होने पर कई सगे-संबधी भी मुबारकबाद देने के लिए पहुंच रहे हैं।