प्रधानमंत्री आवास योजना में सर्वश्रेष्ठ आवास निर्माण सम्मान के लिए जम्मू-कश्मीर के तीन लाभार्थियों को भी चुना गया है। यह लाभार्थी भद्रवाह, सांबा और रामगढ़ से हैं। सम्मान के लिए देश भर से चुने गए 88 लाभार्थियों में शामिल भद्रवाह के 65 वर्षीय अब्दुल लतीफ गनेई रीढ़ की हड्डी में समस्या के चलते पिछले पंद्रह वर्ष से बिस्तर पर हैं। गरीबी से त्रस्त गनेई ने प्रधानमंत्री आवास योजना की गाइडलाइन का ईमानदारी से पालन करवाया और सर्वश्रेष्ठ आवास निर्माण का सम्मान पाया।
शुक्रवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से गनेई समेत अन्य लाभार्थियों को सम्मानित किया। गनेई ने बताया कि केंद्रीय योजना उनके लिए वरदान साबित हुई। लंबी बीमारी की वजह से उन्हें अपनी संपत्ति बेचनी पड़ी। पत्नी, दो बेटों के साथ एक ही कमरे में रहने को मजबूर हो गए।
ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना का सहारा मिला। हाल ही में इतिहास में पोस्ट ग्रेजुएट हुए गनेई के बेटे नदीम लतीफ ने बताया कि परिवार ने बुरा दौर देखा है। रिश्तेदारों के घर पर भी रहना पड़ा। अब अपना घर बनने से बड़ी राहत मिली है। राहत और सम्मान के लिए पूरा परिवार प्रधानमंत्री का शुक्रगुजार है।
भद्रवाह नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी यूसुफ उल उमर ने कहा कि गनेई के परिवार ने घर का निर्माण बताई गई गाइडलाइन के अनुसार किया है, इसीलिए उन्हें सम्मान मिला है। भद्रवाह कस्बे में 330 घरों के लिए मंजूरी मिली है। 200 का निर्माण चल रहा है। 47 का काम पूरा हो चुका है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 1.66 लाख रुपये का अनुदान मिलता है।