सौजन्य वेद का स्वागत करते पूर्व विधायक
- फोटो : अमर उजाला
उज्बेकिस्तान में आयोजित हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेकर लौटे उधमपुर के उभरते खिलाड़ी सौजन्य वेद का नगरवासियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। उज्बेकिस्तान इंडिपेंडेंट हैंडबॉल कप द्वारा एक हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उज्बेकिस्तान के ताशकंद में किया गया था। जिसमें उधमपुर के सौजन्य वैद ने भारतीय टीम के उप-कप्तान के रूप में टीम का प्रतिनिधित्व किया, साथ ही टीम को सिल्वर पदक दिलाया।
हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने घर उधमपुर लौटने पर पूर्व विधायक पवन गुप्ता के साथ-साथ सौजन्य वैद के परिजनों तथा नगर के गणमान्य लोगों ने उधमपुर रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया। पूर्व विधायक पवन गुप्ता ने रेलवे स्टेशन पर सौजन्य वैद को गुलदस्ता देकर तथा फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया और रेलवे स्टेशन से सौजन्य वैद के साथ उनके घर जाकर पूरे परिवार को शुभकामनाएं दी।
पूर्व विधायक पवन गुप्ता ने कहा कि सौजन्य वैद ने विश्व स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग लेकर पूरे विश्व मे अपनी प्रतिभा के बल पर जिला उधमपुर का नाम रौशन कर सबको गौरवान्वित किया है। जिससे केवल उधमपुर वासियों को नही बल्कि पूरे देश को सौजन्य वैद पर गर्व है।
गुप्ता ने कहा कि सौजन्य वैद के विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने से उधमपुर के दूसरे युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी और वह भी सौजन्य की तरह अपनी प्रतिभा के बल पर उधमपुर और देश का नाम रौशन करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं कामना करता हूँ कि सौजन्य वैद अपनी प्रतिभा के बल पर आसमान की बुलन्दियों पर पहुंचे और अपने परिजनों के साथ-साथ उधमपुर ,जम्मू कश्मीर तथा भारत का नाम पूरे विश्व में रौशन करे।