ताजा हिमपात और सड़क पर कोहरे जम जाने के कारण रविवार को नत्थाटाप इलाके में दूल्हा-दुल्हन सहित एक बारात को चार घंटे तक फंसे रहना पड़ा। काफी शिद्दत के बाद सभी पैदल ही रवाना हो गए। जब इसकी जानकारी प्रशासन को मिली तो चिनैनी की तरफ से एक बस भेजी गई, जिससे सभी को चिनैनी लाया गया।
दरअसल, शनिवार को चिनैनी के नगुलता गांव से बारात सनासर गई हुई थी। रविवार की सुबह दूल्हा-दुल्हन को लेकर करीब 35 बाराती दो वाहनों में सवार होकर घर लौट रहे थे।
जब वे नत्थाटाप से दो किलोमीटर दूर आलू फार्म के पास पहुंचे तो सड़क पर कोहरे जमने से हुई फिसलन और बर्फबारी के कारण उनकी गाड़ी एक कदम आगे नहीं बढ़ सकी।
करीब चार घंटे तक कड़ाके की ठंड में फंसे बारातियों ने फोन पर इसकी सूचना जहां-तहां अपने रिश्तेदारों को दी। सभी खुद को विवश देकर कुछ मील पैदल ही चिनैनी की तरफ बढ़ गए।
इस बीच प्रशासन को भी इसकी सूचना मिली तो एक यात्री बस को बारातियों को लाने के लिए भेजा गया। जिसमें सवार होकर सभी चिनैनी पहुंचे। इस बीच पत्नीटाप में कुद के थाना प्रभारी ने बारातियों के लिए चाय-पानी की व्यवस्था कर रखी थी, जिससे उन्हें ठंड से कुछ राहत मिली।