अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की 20 जुलाई को जनरल हाउस की बैठक होगी। इसमें हंगामा होने के आसार हैं। हाईकोर्ट को जानीपुर से रैका शिफ्ट करने को लेकर गहन मंथन होगा। वहीं, दो दिन पहले ही बार एसोसिएशन से वकालतनामा जारी करने का हक वापस लेने के खिलाफ विरोध जताया जाएगा। इसी क्रम में बुधवार को बार एसोसिएशन ने हाईकोर्ट और सहयोगी अदालतों में कामकाज ठप रखा।
बता दें बार एसोसिएशन और बार से जुड़े वकीलों का बड़ा दल जानीपुर से रैका में हाईकोर्ट को शिफ्ट करने के हक में नहीं है, लेकिन बार के फैसले को समर्थन देने पर वकीलों और बार के बीच रार पैदा हो गई। जनरल हाउस की मांग को लेकर प्रदर्शन होने लगे। मामला शांत करने के लिए बार एसोसिएशन ने सुबह 11ः30 बजे जनरल हाउस की बैठक बुलाने का फैसला किया। ऐसे में वीरवार को जब बैठक होगी तो बहस देखने को मिल सकती है। यहीं नहीं, पहले से ही वकीलों के बीच रोष है। इस कारण बार से वकालतनामा जारी करने के आदेश को वापस लेने की मांग पर चर्चा संभव है।