-बांग्लादेशी मुद्रा, पुराना कार्ड, तीन सिम बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां (जम्मू)। अखनूर उपमंडल के पलांवाला इलाके में सेना ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास एक अग्रिम गांव में एक बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में लिया है। उसके पास से कुछ बांग्लादेशी मुद्रा व कागज मिले हैं। उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में वह विक्षिप्त बताया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया, सेना के एक गश्ती दल ने शनिवार को खौड़ इलाके के लोअर कोट मैरा में एलओसी के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को घूमते हुए देखा, तुरंत उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। उस व्यक्ति ने अपना नाम तुफज्जल बब्लू उम्र (35) निवासी अलुपोट्टी नटोर, बांग्लादेश बताया है। उसे आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति के कब्जे से बांग्लादेशी 10 रुपये का पुराना नोट, एक रूपये का बांग्लादेशी सिक्का, 3 सिम (अज्ञात कंपनी), पुराना बांग्लादेशी बिल, बांग्लादेश का पुराना छात्र कार्ड और एक पुरानी डायरी मिली है। खौड़ पुलिस का कहना है कि युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं है। सोमवार को युवक की मेडिकल जांच करवाई जाएगी। फिलहाल युवक पलांवाला पुलिस की हिरासत में है।