बक्शी नगर पुलिस द्वारा गिरफ्तार नशा तस्कर स्रोत पुलिस
जम्मू। नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत बख्शी नगर पुलिस ने कुख्यात नशा तस्कर रुपिंदर सिंह उर्फ विंकल उर्फ लवी को साथी के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों से चिट्टा बरामद हुआ है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर नशा तस्करी के लिंक खंगालने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस ने पवन आइसक्रीम के पास नाका लगाया था। इस दौरान ई-रिक्शा को जांच के लिए रोका गया। उसमें सवार दोनों व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर तलाशी ली। शॉपिंग सेंटर, बख्शी नगर निवासी रुपिंदर सिंह से 7.9 ग्राम और सरवाल निवासी संजीव शर्मा से 2.3 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना बख्शी नगर में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और तस्करी के नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।
नशे की सप्लाई चेन पर प्रहार, 20 की पहचान
जम्मू। नशामुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने नशे की सप्लाई चेन पर बड़ा प्रहार किया है। हाल ही में पकड़े गए नार्को मॉड्यूल की जांच के दौरान ऐसे 20 लोगों की पहचान की गई है जो बड़े तस्करों से मादक पदार्थ लेकर सप्लाई करते थे। गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
एसएसपी जोगिंद्र सिंह ने बताया कि ये लोग नशे के नेटवर्क की अहम कड़ी हैं। नार्को मॉड्यूल से जुड़े तस्कर खेप हासिल कर स्थानीय स्तर पर आपूर्ति करते हैं। अभियान अब केवल सप्लाई चेन को तोड़ने तक नहीं, बल्कि नशे की मांग को कम करने पर भी है। 65 दिन के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 280 एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें 140 मामले ऐसे लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए हैं जो नशे का सेवन करते मिले या नशे की मांग बढ़ाने में शामिल थे। पुलिस जागरूकता कार्यक्रम से लोगों को नशे से दूर रखने का प्रयास कर रही थी लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अब सख्त कार्रवाई की जा रही है।