जम्मू यूनिवर्सिटी के स्टेडियम में शुक्रवार को 60वें नेशनल स्कूल गेम्स का आगाज हुआ। इसमें अंडर 14 आयु वर्ग की साठ बैडमिंटन टीमें भाग ले रही हैं, जो विभिन्न राज्यों से पहुंची हैं। मुकाबले के लिए महिला वर्ग में 146, जबकि पुरुष वर्ग में 145 खिलाड़ी शामिल हैं।
इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि और राज्य के पुलिस महानिदेशक डीजीपी के. राजेंद्रा ने किया। इस मौके पर स्थानीय स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उद्घाटन के मौके पर डायरेक्टर जनरल आफ यूथ सर्विसेज जेके नवीन अग्रवाल, स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया के अधिकारी आदि मौजूद रहे।
मुकाबले के पहले दिन महिला वर्ग में महाराष्ट्र ने मणिपुर को 2-0 सेट से हराया। इसमें सिंगल मुकाबले में महाराष्ट्र की सुमित ने मणिपुर की माहेश्वरी को 30-11 अंकों से शिकस्त दी। वहीं, डबल्स में महाराष्ट्र की मालविका व सिमरण ने मणिपुर की माहेश्वरी व जेबनलता को 30-14 अंकों से मात दी।
पंजाब ने उत्तराखंड को दो सेटों से हराया। इसमें सिंगल में पंजाब की नूर ने उत्तराखंड की आरती को 30-22 अंकों से हराया। डबल्स में पंजाब की नूर व सौम्या ने उत्तराखंड की आरती व ऐश्वर्या को 30-29 अंकों से शिकस्त दी। सीबीएससी की टीम ने आंध्र प्रदेश काो 2-0 सेटों से हराया।
इसमें सिंगल में सीबीएससी की रिया ने आंध्र प्रदेश की एम. लक्सा को 30-18 अंकों से हराया, जबकि डबल्स में सीबीएससी की रिया व आशी ने आंध्र प्रदेश की एम लक्सा व तेजस्विनी को 30-09 से हराया।